उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सोमवार को पर्वतीय जिलों में तेज तूफान आने की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव आया है। आने वाले दिनों में भी इसका असर बना रहेगा और 27 मार्च तक पूरे राज्य में मौसम इसी तरह परिवर्तित रह सकता है।
रविवार के तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिली।


