उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन सचिव ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में उत्तरकाशी, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत अन्य जिलों में आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है।
सोमवार 27 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, वज्रपात और भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी और बारिश की संभावना है।
28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
29 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और टिहरी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 30 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी जिलों में गरज-चमक और तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।


