उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार की ओर से राजकीय कर्मचारियों की तर्ज पर निगमों में महंगाई भत्ता बढ़ाने के निर्देश के बाद परिवहन निगम ने भी डीए में बढ़ोतरी के आदेश जारी कर दिए हैं। अब निगम कर्मचारियों को 53 प्रतिशत के बजाय 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़े हुए डीए का लाभ 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा।
राज्य सरकार ने राजकीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53 से बढ़ाकर 55 प्रतिशत कर दिया था। इसके बाद परिवहन निगम के कर्मचारी भी इसी आधार पर डीए बढ़ाने की मांग कर रहे थे। निगम कर्मचारियों को अभी तक 53 प्रतिशत की दर से ही महंगाई भत्ता दिया जा रहा था। कर्मचारी संगठनों ने इस अंतर को लेकर लगातार अपनी मांग उठाई थी।
महंगाई भत्ता बढ़ाने का प्रस्ताव हाल ही में सचिवालय में हुई परिवहन निगम की बोर्ड बैठक में रखा गया था। बैठक में इस पर सहमति बनने के बाद अब निगम प्रबंधन ने आदेश जारी कर दिए हैं। शुक्रवार को परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने डीए को 53 प्रतिशत से बढ़ाकर 55 प्रतिशत करने के आदेश जारी किए। आदेश के बाद कर्मचारियों को अब बढ़ी हुई दर के आधार पर महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा।
परिवहन निगम के इस फैसले से करीब 2100 नियमित कर्मचारियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। इसके अलावा करीब 3500 विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों के देयकों में भी इसी अनुपात में बढ़ोतरी होगी। कुल मिलाकर निगम के करीब 5600 कर्मचारियों को इस फैसले का फायदा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से डीए बढ़ाने की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए इसे बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।


