उत्तराखंड में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर कथित घोटाले का खुलासा करने वाले एक प्रशिक्षु अधिवक्ता पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला ऋषिकेश का है. प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा का आरोप है कि उन्होंने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक में मेन पावर सप्लाई टेंडर में करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा किया था। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।
शुभम झा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे वह रोज की तरह स्वर्गाश्रम स्थित एक होटल में काम करने पहुंचे थे। होटल के बाहर स्कूटी खड़ी कर जैसे ही अंदर जाने लगे, तभी एक युवक ने पीछे से उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद अन्य युवकों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।
हमले में शुभम झा घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, ऋषिकेश पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


