उत्तराखंड में एक वीआईपी शादी को लेकर उठा विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई में बदल गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में वन विभाग ने सख्त कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में सामग्री पहुंचाने और लापरवाही के आरोप सामने आने के बाद दो फॉरेस्ट गार्डों पर गाज गिर गई है। रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कंडारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
इसके अलावा हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमलवाल और वन दारोगा अमृता को उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक राजीव धीमान द्वारा की गई है।
बताया जा रहा है कि वीआईपी शादी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश और नियमों की अनदेखी को लेकर मामला तूल पकड़ गया था, जिसके बाद विभाग ने जांच के आधार पर यह सख्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हलचल तेज हो गई है और मामले की आगे की जांच भी जारी है।


