उत्तराखंड के चम्पावत जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के पास उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत के अनुसार, हादसा मंगलवार 11 अगस्त को दोपहर करीब 3:05 बजे तहसील चम्पावत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के पास हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम चम्पावत के माध्यम से दोपहर 3:09 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि कार संख्या यूके 05 टीए 5045 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर कार सवार चारों घायलों को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने नरेन्द्र राम (32) पुत्र हेम राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, जिला पिथौरागढ़ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में हरी राम (60) पुत्र दानी राम, रोहित कुमार (26) पुत्र जगदीश राम और जमन राम (63) पुत्र लक्ष्मण राम घायल हुए हैं। रोहित कुमार कार चालक बताया गया है।
हरी राम के सिर में गंभीर चोट लगी है। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। वहीं रोहित कुमार और जमन राम की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और संबंधित विभागों की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


