उत्तराखंड में वन तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना पर गश्त कर रही वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो कथित तस्करों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वन कर्मियों ने भी फायरिंग की। खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। मौके से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
वन विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 2:30 बजे गश्त के दौरान के रामनगर वन प्रभाग के गुलजारपुर बीट के एन-2 क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। टीम ने जंगल में घेराबंदी कर संदिग्धों को रुकने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने वन कर्मियों पर गोलियां चला दीं।
वन कर्मियों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। विभाग के अनुसार, करीब 15 राउंड फायर किए गए। फायरिंग के बाद तस्कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान मौके से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिन्हें कथित तौर पर खैर की लकड़ी की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा था। वन विभाग ने तीनों वाहनों को जब्त कर जुड़का वन परिसर में खड़ा करा दिया है।
रामनगर वन प्रभाग के रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अपराध का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रकाश चंद्र आर्या ने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच भी की जा रही है।


