उत्तराखंड में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की पदोन्नति और तैनाती को लेकर शासन ने बड़ा फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत करीब डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को पदोन्नति देकर संयुक्त शिक्षा निदेशक बनाया गया है। पदोन्नति के बाद इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-2 की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय विभागीय मंत्री के अनुमोदन के बाद लिया गया है।
आदेश के तहत विजयपाल सिंह को संयुक्त शिक्षा निदेशक के पद पर पदोन्नत करते हुए सीमेट में विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। चंदन सिंह बिष्ट को संयुक्त निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा, आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की तथा गोविंद राम जायसवाल को संयुक्त निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है। गोविंद राम जायसवाल को प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में जगदीश प्रसाद काला को मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून, सुरेश चंद्र आर्य को नैनीताल, विनय आर्य को बागेश्वर, प्रेमलाल भारती को उत्तरकाशी, पुष्कर लाल टम्टा को ऊधमसिंह नगर, चंडी प्रसाद रतूड़ी को चंपावत, अमित कोटियाल को चमोली और संजीव जोशी को हरिद्वार का मुख्य शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून, श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन, पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा तथा शैलेंद्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
शासन ने रणजीत सिंह नेगी को फिलहाल बाध्य प्रतीक्षा में रखा है। सीईओ पौड़ी के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें पौड़ी जनपद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अधिकारियों की पदोन्नति और नई तैनाती को शिक्षा विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विभागीय कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।



