उत्तराखंड में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। प्रदेशभर में हो रही बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई है, वहीं पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश मुसीबत बनती जा रही है। कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे ग्रामीण संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं और जनजीवन पर असर पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने की आशंका को देखते हुए यात्रियों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।


