उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल किया गया है। इस बार दो तहसीलदारों के पारस्परिक स्थानांतरण किए गए हैं। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपद के बीच अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, ऊधमसिंह नगर जिले की रुद्रपुर तहसील में तैनात तहसीलदार दिनेश कुटोला को नैनीताल जनपद में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, नैनीताल जिले की हल्द्वानी तहसील में तैनात तहसीलदार कुलदीप पांडे को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। दोनों अधिकारियों की नई तैनाती पारस्परिक स्थानांतरण के आधार पर की गई है।
बताया गया है कि दोनों तहसीलदारों ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए आपसी सहमति से जनपद परिवर्तन का अनुरोध किया था। अधिकारियों के आवेदनों पर विचार करने के बाद कुमाऊं आयुक्त ने स्थानांतरण को मंजूरी प्रदान की।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इसके साथ ही स्पष्ट किया गया है कि पारस्परिक स्थानांतरण होने के कारण दोनों अधिकारियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। आदेश की प्रतिलिपि राजस्व परिषद के साथ ही संबंधित जिलाधिकारियों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।



