हल्द्वानी। नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महानगर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विधायक सुमित हृदयेश और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, पीड़िता को सुरक्षा देने तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग उठाई।
इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों में भाजपा और उसके छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े लोगों के नाम सामने आने से मामला गंभीर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा के दावे करने वाली भाजपा सरकार इस मामले में अपनी जवाबदेही से बचती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को राजनीतिक या संगठनात्मक संबंधों के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और जांच को प्रभावित करने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुमित हृदयेश ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाना सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने मांग की कि जांच बिना किसी राजनीतिक दबाव के समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए और पीड़िता तथा उसके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़िता की पहचान और गरिमा की रक्षा की जाए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। सरकार को महिला सम्मान और सुरक्षा के दावों के अनुरूप गंभीर मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा। विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए अंकिता को न्याय दिलाने की मांग भी की।
राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने हल्द्वानी के मामले की निष्पक्ष जांच, महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध गंभीर अपराधों में दोष सिद्ध होने पर कठोर कानूनी कार्रवाई तथा महिला सुरक्षा के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाने की मांग की। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, महिला हेल्पलाइन और महिला थानों को प्रभावी बनाने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई। कांग्रेस ने पीड़िताओं और उनके परिवारों को दबाव और धमकियों से बचाने की भी मांग उठाई।
विरोध मार्च में हेमंत बगड़वाल, हरीश पनेरू, मलय बिष्ट, गिरीश पांडे, दीप पाठक, प्रकाश पांडे, एनबी गुणवंत, सुहैल सिद्दीकी, विशाल भोजक, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, हिमांशु जोशी, गुरप्रीत सिंह प्रिंस, जीवन कार्की, पार्षद नीमा भट्ट, जया कर्नाटक, विमला सांगुड़ी, खष्टी बिष्ट, निर्मला जोशी, राजो टंडन, भगवती जोशी, शकुंतला देवी, सीमा भटनागर, रजनी, पुष्पा सम्मल, मंजू दानू सहित विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



