हल्द्वानी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जो तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, लालकुआं थाना क्षेत्र में बीते काफी समय से घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में पहली शिकायत वर्ष 2023 में बिंदुखत्ता निवासी चंद्रा देवी ने दर्ज कराई थी। इसके बाद 2025 में पार्वती देवी और कुंवर सिंह मेहता के घरों में भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने जांच के दौरान 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।
23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्ध व्यक्ति बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के टूटे आभूषण मिले, जबकि कुछ जेवर एक हीटर की निचली प्लेट में छिपाकर रखे गए थे।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानु प्रताप निवासी मुड़िया नवी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करता था और चोरी का माल बेचकर खर्च करता था। आरोपी ने वर्ष 2025 में दर्ज दो अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।
पुलिस ने बरामद आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराकर उन्हें तीनों मामलों से जोड़ दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बेहतर प्रदर्शन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये का इनाम देकर सम्मानित भी किया है।


