उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शासकीय आवास पर श्री बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं है, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षाएं सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और युवाओं को अपने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक होगी।
उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक एवं निर्माता दल को इस प्रयास के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर तथा अन्य कलाकार उपस्थित रहे।


