उत्तराखंड प्रेम संबंध से जुड़ा मामला मंगलवार को उस समय सुर्खियों में आ गया, जब प्रेमी के अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज महिला ने कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा कर दिया। महिला ने पहले एसएसबी कार्यालय के पास पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी। बाद में वह एसडीएम कोर्ट पहुंच गई और वहां भी हंगामा करते हुए जान देने की चेतावनी देने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाकर हिरासत में लिया और वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। वहीं, युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
दरअसल यह मामला अल्मोड़ा का है। पुलिस के मुताबिक, महिला का एक बच्चा है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं। दोनों अपने-अपने जीवनसाथी को छोड़कर साथ रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि दोनों गुरुग्राम में रह रहे थे। कुछ दिन पहले युवक अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आया और अपनी पहली पत्नी तथा बच्चों के साथ रहने लगा। युवक के इस कदम से नाराज महिला ने मंगलवार सुबह एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी।
महिला के पेड़ पर चढ़ने की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और काफी समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद दोनों की काउंसलिंग की गई। हालांकि, मामला शांत होने के कुछ समय बाद महिला दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंच गई और एसडीएम कोर्ट में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान उसने फिर आत्महत्या करने की धमकी दी, जिससे परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी ने बताया कि महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। वहीं, युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।



