हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दो अन्य लोगों का उपचार जारी है।
दुर्घटनासोमवार देर शाम रामपुर रोड पर टांडा जंगल के पास एस-मोड़ से करीब 200 मीटर पहले हुई। जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर सवार ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी आ रहे थे। दूसरी बाइक पर राजू गुप्ता अपने साढ़ू प्रेमशंकर शर्मा के साथ सवार थे। दोनों रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण कार्ड देने हल्द्वानी आए थे और वापस रुद्रपुर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं।
हादसे में जान गंवाने वाले सौरभ बिष्ट की उम्र 30 वर्ष थी। वह कालाढूंगी के मंगोलिया क्षेत्र के निवासी थे और बेतालघाट ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। दूसरे मृतक 28 वर्षीय राजू गुप्ता रुद्रपुर के रम्पुरा के रहने वाले थे।
दुर्घटना में घायल बृजेश सती (32) और प्रेमशंकर शर्मा (50) का सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बृजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की आशंका सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना की असल वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं।
एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में दुख का माहौल है। शादी का निमंत्रण बांटकर लौट रहे राजू गुप्ता के परिवार में भी इस घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।



