उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर धमकी भरे पोस्ट साझा कर दहशत फैलाने का प्रयास किया था, जिसके बाद देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
मामले की शुरुआत 21 जून को हुई, जब अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट्स से उत्तराखंड के पुलिस थानों को लेकर बम धमाके की धमकी वाले पोस्ट सामने आए। इन पोस्टों के कारण न केवल आम जनता में भय का माहौल बना, बल्कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर देहरादून में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह को देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने यह पोस्ट इंस्टाग्राम आईडी ‘Jaspreet-devil’ के जरिए किए थे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुए एक स्थानीय विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर लोगों में डर और तनाव पैदा करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाली पोस्ट शेयर की थी। उसका उद्देश्य लोगों में भय फैलाना और पुलिस को चुनौती देना था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।


