लालकुआं: नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों के शामिल होने की संभावना है।
बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल के सदस्यों एवं अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अधिवेशन के आयोजन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से अधिवेशन के आयोजन पर सहमति जताई गई।
अधिवेशन में दुग्ध संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और आय-व्यय के विवरण प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़ी योजनाओं, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के दौरान संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ दुग्ध उत्पादकों के योगदान को भी सम्मान दिया जाएगा।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



