उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह ऋषिकेश-ब्यासी मार्ग पर मालाकुंठी के समीप डंपर और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग अंदर फंस गए। हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ब्यासी के समीप एक कार की डंपर से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार चार लोग वाहन के अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ब्यासी की टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
थाना मुनि की रेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसे में ऋषभ सेमवाल (22), पुत्र राकेश सेमवाल और रक्षा सेमवाल (24), पुत्री राकेश सेमवाल, निवासी श्रीनगर की मौत हो गई। दोनों मृतक भाई-बहन बताए जा रहे हैं। हादसे में सुहानी, पुत्री कमल सिंह, निवासी रानीहाट कीर्तिनगर और ईशानी गौड़, पुत्री संजीव गौड़ घायल हुई हैं।
एसडीआरएफ ब्यासी के मुख्य आरक्षी मोहन सिंह ने बताया कि टक्कर के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर फंस गए थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और फंसे लोगों को कार से बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


