उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए तबादलों का सिलसिला जारी है। इस बीच प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। देहरादून जिले में डिप्टी कलेक्टरों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए जिलाधिकारी ने नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत अपूर्वा सिंह को सदर से हटाकर डोईवाला भेजा गया है, जबकि मुकेश रमोला को सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी हर्षिता सिंह को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मसूरी बनाया गया है। रविंद्र कुमार जुवांठा को चकराता भेजा गया है, जबकि चकराता में लंबे समय से तैनात प्रेमलाल को देहरादून में प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अभय प्रताप सिंह को विकासनगर और राजकुमार पांडे को ऋषिकेश का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है।
दरअसल, जिले में हाल ही में कुछ नए डिप्टी कलेक्टरों की तैनाती हुई थी, जबकि तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के चलते कई अधिकारियों का दूसरे जिलों में तबादला किया गया था। इसके बाद सदर, डोईवाला, मसूरी, ऋषिकेश और विकासनगर सहित कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हो गए थे। इन पदों पर नई तैनाती और जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर प्रशासनिक आदेश का इंतजार किया जा रहा था।
अब नए आदेश के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों और उप जिलाधिकारी स्तर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण कर दिया गया है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल से जिले में प्रशासनिक कामकाज को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।



