ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान बने एक मित्र से मिलने के लिए उत्तराखंड की दो किशोरियां घर से भाग गई। पुलिस ने दोनों को पंजाब जिले के विकासनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि 13 और 17 साल की इन लड़कियों को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से पंजाब के राजपुरा स्थित बस स्टैंड से खोजकर परिजनों के पास लौटाया गया।
मामला 2 फरवरी का है, जब विकासनगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी 13 वर्षीय भतीजी और पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय सहेली बिना बताए गायब हो गईं। उनकी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, और परिजनों, दोस्तों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी दोनों लड़कियों की तलाश का प्रचार किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए पुलिस ने पहले लड़कियों की लोकेशन हरियाणा के अंबाला में ट्रैक की, लेकिन जल्द ही उनकी लोकेशन बदलकर पंजाब के राजपुरा में पाई गई।
पुलिस ने जब वहां पहुंचकर दोनों लड़कियों को बरामद किया, तो पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे दोनों ऑनलाइन ‘फ्री फायर’ गेम के दौरान बने एक दोस्त से मिलने के लिए घर से भाग आई थीं। पुलिस ने कहा कि दोनों ने अपने साथ किसी भी आपराधिक कृत्य का इंकार किया, और इसके बाद उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।