चाय की दुकान की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला बिहार के कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि भाटा टोला चौक पर स्थित एक चाय दुकान में पिछले करीब पांच वर्षों से अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। बाहर से यह दुकान सामान्य चाय-नाश्ते की तरह दिखाई देती थी, जबकि भीतर गुपचुप तरीके से जिस्मफरोशी कराई जाती थी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस अवैध गतिविधि से लोग लंबे समय से परेशान थे, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण उनका आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा था। बुधवार को ग्रामीणों का सब्र तब टूट गया, जब उन्होंने एक युवक को दुकान के अंदर संदिग्ध अवस्था में रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने युवक को काबू में कर लिया। इस दौरान कथित रूप से दुकान संचालिका महिला और एक अन्य महिला मौके से फरार हो गईं।
बाद में ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह अनैतिक धंधा एक-दो महीने नहीं, बल्कि करीब पांच साल से चल रहा था, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, मुफस्सिल थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला ने बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले में कोई छापेमारी नहीं की गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीण एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाकर थाना पहुंचाया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि संबंधित स्थान पर वास्तव में सेक्स रैकेट संचालित हो रहा था या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही किया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


