उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव घर की छत पर मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है।
यह घटना ऊधमसिंह नगर जिले के रूद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार शिवनगर वार्ड नंबर-8 निवासी छात्रा शहर के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती थी। परिवार में उसके माता-पिता और दो भाई हैं। छात्रा के पिता नौकुचियाताल में नौकरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई ब्लैंकेट फैक्ट्री में काम करता है।
बताया गया कि मंगलवार देर शाम छात्रा घर पर थी। इसी दौरान उसका छोटा भाई काम से घर लौटा। वह कपड़े बदलने के लिए छत पर जा रहा था। छत का दरवाजा खोलते ही उसने छात्रा को वहां देखा और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। छात्रा को नीचे उतारकर तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना छात्रा के पिता को दी गई। वह नौकरी के सिलसिले में नौकुचियाताल में थे और सूचना मिलने के बाद घर पहुंचे। बुधवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ ही अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और इलाके में शोक का माहौल है।


