नैनीताल में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 1 जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने की।
बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और उनके अधिकृत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) शामिल हुए। इसका उद्देश्य आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए पूर्व तैयारी और समन्वय सुनिश्चित करना रहा। जानकारी दी गई कि आयोग इस कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अप्रैल के प्रथम सप्ताह में कर सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी दलों से अपील की कि वे प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र पर अपने बीएलए की जल्द नियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बीएलए, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित ढंग से पूरी हो सके।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,010 मतदेय स्थलों के मुकाबले इंडियन नेशनल कांग्रेस ने 793 (71.51%) और भारतीय जनता पार्टी ने 959 (94.95%) बीएलए नियुक्त किए हैं। अन्य दलों से भी जल्द नियुक्तियां पूरी करने का आग्रह किया गया।
पुनरीक्षण की प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत बीएलओ द्वारा वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली का वर्तमान सूची से बीएलओ ऐप के जरिए मिलान किया जा रहा है। जिले के कुल 7,87,991 मतदाताओं में से अब तक 6,94,532 का सत्यापन हो चुका है, जो करीब 88.14% प्रगति को दर्शाता है।
इसके साथ ही मतदाता जागरूकता के लिए घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। बीएलओ लोगों को नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य निर्वाचन सेवाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
बैठक में आयोग की डिजिटल पहल “बीएलओ के साथ कॉल बुक करें” की भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से मतदाता सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया को नैनीताल में पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ सफल बनाया जाएगा। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे, तहसीलदार अक्षय भट्ट सहित विभिन्न दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।


