हल्द्वानी में नगर निगम ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। बनभूलपुरा लाइन नंबर-8 क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया और कबाड़ियों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई।
बताया गया कि इस इलाके में रिहायशी क्षेत्र के भीतर कबाड़ की दुकानें संचालित की जा रही थीं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। स्थिति को गंभीर मानते हुए नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 कबाड़ियों का कुल ₹59,000 का चालान किया। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द अपनी दुकानें उक्त स्थान से हटाने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान टीम ने 10 अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए। इस कार्रवाई में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, गणेश भट्ट, अमोल असवाल, चतर सिंह सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।


