उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है। प्रदेशभर में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है, हालांकि कड़ाके की ठंड से लोगों को अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मैदानी इलाकों में जहां घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने और माइनस तापमान के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे और पर्वतीय इलाकों में पाले को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर मुक्तेश्वर में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, रविवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं कोहरा देखने को मिल सकता है।
घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पाले के चलते सुबह और शाम की ठंड और ज्यादा चुभने लगी है। बीते कई दिनों से मैदानी इलाकों में लगातार छाए कोहरे के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही गलन भी लगातार बढ़ती जा रही है।


