उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। STF ने रुद्रपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार, कारतूस और फर्जी लाइसेंस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल के रूप में हुई है। STF के अनुसार, हाल ही में बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में ट्रांसफर किए गए शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद 4 जून को काशीपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान 10 जून को STF और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए थे। इस मामले में सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल के नाम सामने आए थे। मुख्य आरोपी सौरभ अग्रवाल घटना के बाद से फरार चल रहा था।
इसी क्रम में 11 जून की देर रात STF को सूचना मिली कि रुद्रपुर में दो व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने रुद्रपुर रोडवेज क्षेत्र के पास से सौरभ अग्रवाल और अमित पाल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक 30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक 32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि 10 जून को बरामद स्विफ्ट कार को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से काशीपुर की एक पार्किंग में खड़ा किया गया था। पुलिस ने उस वाहन की चाबी भी आरोपी अमित पाल से बरामद कर ली है।
STF अधिकारियों के अनुसार, राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों और फर्जी लाइसेंस से जुड़े मामलों में कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।


