उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक दूधिया कथित तौर पर दूध के डोल में थूकता हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने दूधिया को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हैं।
मामला रुद्रपुर के रविंद्र नगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 35 रविंद्र नगर में एक दूधिया लंबे समय से घर-घर दूध की आपूर्ति करता था। बुधवार दोपहर वह बाइक से क्षेत्र में पहुंचा और एक स्थान पर बाइक खड़ी कर बड़े डोल से छोटे डोल में दूध डालकर घरों में बांट रहा था।
इसी दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी एक कथित हरकत रिकॉर्ड हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दूध के डोल को मुंह के पास ले जाकर उसने उसमें थूक दिया और इसके बाद उसी डोल से दूध की आपूर्ति करने लगा। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर आवास विकास चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ में आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर दूधिया को अपने साथ ले लिया, ताकि उसके साथ किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस को सौंपी गई CCTV फुटेज
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने आवास विकास चौकी में तहरीर देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कथित घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। सीओ विभव सैनी के मुताबिक, मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए लाया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पहचान को लेकर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, व्यक्ति को पकड़े जाने के बाद उसने कथित तौर पर अपना नाम प्रेम बताया था। हालांकि, लोगों ने उसके वाहन के दस्तावेजों की जांच की, जिसके बाद उसकी पहचान अलग नाम से होने की बात सामने आई। बताया गया है कि वह रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस उसकी पहचान और अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
सावन में घटना को लेकर नाराजगी
घटना सावन के दौरान सामने आने के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। लोगों का कहना है कि इस अवधि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पाठ और शिवालयों में दुग्धाभिषेक के लिए दूध का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आकर दूध बेचने वालों के सत्यापन की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


