उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच राज्य में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सोमवार सुबह हरिद्वार में तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। बस ने पहले एक ऑटो को चपेट में लिया और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक कुत्ते की मौत हो गई।
घटना हरिद्वार जिले के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में दुर्गा चौक के पास हुई। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस अचानक बेकाबू हो गई। बस ने सबसे पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद बस चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका हाथ कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। दुर्घटना के समय अस्पताल के बाहर ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क किनारे क्षतिग्रस्त वाहनों के खड़े होने से कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाया और स्थिति को सामान्य कराया।
पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी, निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है। बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




