हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर नैनीताल जिले में मतदाता सूची की जांच और दावे-आपत्तियों के निस्तारण का अभियान जारी है। सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची को अपडेट करने का काम किया जा रहा है। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है और अब नोटिस वितरण के साथ दावे एवं आपत्तियों पर सुनवाई की जा रही है। यह प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।
जिले की प्रारूप मतदाता सूची में कुल 6,93,325 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर के तहत 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 2,30,222 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। वहीं अब तक 69,318 नोटिसों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है।
निर्वाचन आयोग की तकनीकी जांच में नैनीताल जिले में मतदाता सूची से जुड़ी बड़ी संख्या में संभावित विसंगतियां सामने आई हैं। इनमें 1,88,054 मामले Anomaly और 47,031 मामले No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इन मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की प्रक्रिया की जा रही है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा विवरण में संशोधन के लिए अब तक फॉर्म-6 के 12,450, फॉर्म-7 के 11,599 और फॉर्म-8 के 7,190 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में गलती है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई समेत कांग्रेस, भाजपा और बसपा के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।


