उत्तराखंड में देर रात एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। हरिद्वार में एक ई-रिक्शा की दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर खड़े कई ई-रिक्शा जलकर राख हो चुके थे।
यह घटना उत्तरी हरिद्वार के मुखिया गली स्थित श्रीराम मंदिर के सामने की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंद दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में चार्जिंग स्टेशन भी आने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगते ही धुआं और लपटें उठने लगीं, जिसे देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि प्रयास सफल नहीं हो सके। इसी बीच सूचना पाकर दुकान मालिक भी मौके पर पहुंचा और अपनी दुकान को जलता देख भावुक हो गया।
मायापुर फायर स्टेशन से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान खड़खड़ी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा सारा सामान और कई ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है और हरकी पैड़ी के पास होने के कारण यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की लगातार आवाजाही रहती है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।


