उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से ऊधमसिंह नगर जिले में 36 उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। जारी सूची में 30 पुरुष और छह महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं।
तबादला सूची के तहत रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा, जसपुर, पंतनगर और दिनेशपुर समेत जिले के विभिन्न थानों, कोतवालियों और चौकियों में तैनात दारोगाओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनाती दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश कांडपाल को रुद्रपुर कोतवाली में द्वितीय वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी रमपुरा की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस कार्यालय में चुनाव सेल का प्रभारी बनाया गया है। झनकट चौकी, खटीमा में तैनात उपनिरीक्षक अशोक कुमार कांडपाल को आईटीआई कोतवाली भेजा गया है। जसपुर की सूत मिल चौकी के प्रभारी राजेंद्र प्रसाद को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह पंतनगर कोतवाली में तैनात अशोक कुमार को काशीपुर की टांडा उज्जैन चौकी का प्रभारी बनाया गया है। काशीपुर में तैनात नवीन बुधानी को किच्छा कोतवाली और ट्रांजिट कैंप में तैनात मुकेश मिश्रा को आईटीआई कोतवाली भेजा गया है। दिनेशपुर थाने में तैनात प्रदीप भट्ट को जसपुर की सूत मिल चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
रुद्रपुर कोतवाली में तैनात मोहन चंद्र जोशी को काशीपुर की प्रतापपुर चौकी भेजा गया है, जबकि दिनेशपुर में तैनात लोकेश रावत और पंतनगर के दिनेश रावत को बाजपुर कोतवाली में नई जिम्मेदारी दी गई है। खटीमा कोतवाली में तैनात विजय सिंह बोहरा को रुद्रपुर की बाजार चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, रुद्रपुर की बाजार चौकी में तैनात संदीप शर्मा को किच्छा की दरऊ चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
नानकमत्ता कोतवाली में तैनात संजय विश्वकर्मा को सितारगंज की शक्तिफार्म चौकी भेजा गया है, जबकि किच्छा कोतवाली में तैनात मनोज कुमार सिंह को खटीमा कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा जिले के बाजपुर, काशीपुर, खटीमा, दिनेशपुर, नानकमत्ता, पुलभट्टा समेत अन्य थानों में तैनात कई उपनिरीक्षकों को भी नई तैनाती दी गई है।
एसएसपी अजय गणपति की ओर से जारी सूची में छह महिला उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। रुचिका चौहान को जसपुर से काशीपुर, कुसुम रावत को बाजपुर से पंतनगर, नीलम मेहता को पंतनगर से कुंडा, संतोषी नेगी को खटीमा से सितारगंज, भूमिका पांडे को कुंडा से बाजपुर और प्रियंका टम्टा को बाजपुर से जसपुर कोतवाली स्थानांतरित किया गया है।



