उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार 23 नवंबर को नैनीताल जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लालकुआं के बिंदुखत्ता स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित लोकथात संस्कृति महोत्सव में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) स्थित एनआईटी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 1:30 बजे लालकुआं के संजय नगर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा 1:45 बजे बिंदुखत्ता स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान पहुंचकर महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे महोत्सव स्थल से रवाना होकर 2:55 बजे आदर्श इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद अपराह्न 3:05 बजे हेलीकॉप्टर से बनबसा के लिए प्रस्थान करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



