नैनीताल। जनपद नैनीताल में राजस्व एवं नागरिक सेवाओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों को उत्तराखंड शासन से खुली सराहना मिली है। शासन स्तर पर इन पहलों को प्रशासनिक नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए तालियां बजाकर जनपद के प्रयासों का स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी श्री रयाल के नेतृत्व में शुरू की गई जनहितकारी पहलों से आम जनता को बड़ी राहत मिली है और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। विशेष रूप से निर्विवाद विरासत मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में जनपद नैनीताल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बीते तीन माह में राजस्व कर्मियों द्वारा ग्राम स्तर पर चौपालों का आयोजन कर लगभग 5,000 निर्विवाद विरासत मामलों का सफल और त्वरित निस्तारण किया गया।
जनपद की इस सराहनीय उपलब्धि पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम सहित राज्य सरकार के समस्त सचिवों ने तालियां बजाकर नैनीताल प्रशासन के प्रयासों का अभिनंदन किया।
इसके अतिरिक्त मेड़ विवाद, सीमा विवाद, खेत संख्या में नाम/नंबर दुरुस्ती, पैमाइश, नपती, सीमांकन तथा गूल और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने से संबंधित कुल 1,150 मामलों के सफल निस्तारण पर परगना स्तरीय राजस्व प्रवर्तन टीमों के कार्यों की विशेष सराहना की गई। वहीं जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े 2,300 मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किए जाने पर संबंधित पंजीकरण अधिकारियों को भी प्रशंसा प्राप्त हुई।
जनपद प्रशासन के इन ठोस प्रयासों से न केवल राजस्व एवं नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और गति आई है, बल्कि आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय और राहत भी सुनिश्चित हुई है। इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा की गई कार्यवाहियों एवं अभिनव पहलों की जानकारी मुख्य सचिव को अवगत कराई गई।


