उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने दूसरे दिन भी प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे कई इलाकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, जहां तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर पड़ने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि 3 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इस बीच, बीते 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित किया। देहरादून के मालदेवता में सबसे अधिक 233 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जिससे प्रशासन ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।


