उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने राहुल गांधी को ‘नाराज फूफा’ बताते हुए कहा कि वह ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए झूठ और भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से किए गए कई दावे फैक्ट चेक में गलत साबित हुए हैं, ऐसे में यह छात्रों की गूंज नहीं बल्कि ‘झूठ की गूंज’ है।
शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के कांग्रेस के प्रयास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर भ्रम फैलाकर समाज को बांटने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था तथा इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आयोजन करने वाले भाई स्वयं अनुसूचित समाज से थे, जिससे कांग्रेस द्वारा बनाए गए नैरेटिव की वास्तविकता सामने आ गई।
जमीनों को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा तो अब जमीन के नाम पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट बोर्ड (यूआईआईडीबी) पंजाब और गुजरात में पहले से काम कर रहा है। इसी तर्ज पर उत्तराखंड में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए संस्था बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जमीन बेचने का आरोप लगा रही है, जबकि उसके शासनकाल में जमीनें बिकती थीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित किया, जिसमें देश-विदेश से निवेशक आए और नियमों के अनुसार निवेश को लेकर व्यवस्थाएं तैयार की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को उत्तराखंड में आ रहा निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर भी रास नहीं आ रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि को मुक्त कराया है, लेकिन कांग्रेस इस कार्रवाई की भी आलोचना कर रही है। उन्होंने बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी को उसके दोहरे चरित्र का प्रमाण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जमीन किसी के लिए ‘हरी घास’ नहीं है कि कोई भी आए और चरकर चला जाए। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप और प्रदेश की एक-एक इंच जमीन की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता से काम करती रहेगी।


