उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर सियासत गरम है। ऐसे में जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। वहीं दलबदल का खेल भी तेज है। इस बीच भाजपा को झटका देते हुए दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।
कांग्रेस महानगर कार्यालय सिविल लाइंस रूड़की में आयोजित कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और वैभव सैनी ने नए सदस्यों का स्वागत किया। सभी को कांग्रेस का पटका पहनाकर और फूल मालाएं पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार की नीतियों से जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर भी जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। कांग्रेस में शामिल होने वालों में अमित कुमार, बिजेंद्र चौधरी और राव हसीन समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। इस मौके पर सुनील शर्मा, ओवेस अंसारी, डॉ. हरवेंद्र सिंह, यासमीन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



