उत्तराखंड की सियासत में गुरुवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन देने जा रहे रूद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने ठुकराल समेत उनके कई समर्थकों और नेताओं को पुलिस वैन में बैठाकर अपने साथ ले गई। इस दौरान ठुकराल और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गुरुवार को रुद्रपुर में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुख्यमंत्री को जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन देने का निर्णय लिया था। उन्होंने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से सिटी क्लब पहुंचने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस सक्रिय हो गई। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस फोर्स के साथ सिटी क्लब पहुंचे और पूर्व विधायक ठुकराल को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं जाने की हिदायत दी। पुलिस ने उन्हें वहीं नजरबंद कर दिया।
ठुकराल ने पुलिस से कहा कि वह मुख्यमंत्री को केवल ज्ञापन सौंपना चाहते हैं और किसी तरह का विरोध या व्यवधान पैदा नहीं करेंगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी।
इसके बाद पूर्व विधायक समर्थकों के साथ सिटी क्लब से बाहर निकलने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान ठुकराल और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने ठुकराल के साथ सुनील चुघ, रामसेवक, दिनेश कोहली, आनंद शर्मा, दिनेश पंत और सुखदेव हालदार को भी हिरासत में लिया और सभी को पुलिस वैन से अपने साथ ले गई। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।


