देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्तूबर में उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 22 से 25 अक्तूबर के बीच प्रधानमंत्री के केदारनाथ धाम पहुंचने की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, पीएमओ की ओर से अभी प्रधानमंत्री के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर सकते हैं। दौरे की तैयारियों के तहत एसपीजी की टीम केदारनाथ का निरीक्षण भी कर चुकी है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अब तक छह बार केदारनाथ धाम का दौरा कर चुके हैं। इससे पहले वह 21 अक्तूबर 2022 को केदारनाथ पहुंचे थे।
दौरे के दौरान टिहरी में टीएचडीसी के 1000 मेगावाट क्षमता वाले पंप्ड स्टोरेज प्लांट से जुड़ा कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। टीएचडीसी के अनुसार टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट की क्षमता 1000 मेगावाट है। इसकी तीन इकाइयां वाणिज्यिक संचालन में हैं, जबकि चौथी इकाई का कमीशनिंग कार्य जारी है।


