हल्द्वानी। एचपीसीएल द्वारा हल्द्वानी सहित जिले के कालाढुंगी और रामनगर क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस आपूर्ति तथा विभिन्न स्थानों पर सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाने का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य की धीमी प्रगति को देखते हुए शुक्रवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने एचपीसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने एचपीसीएल से अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य को शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि एचपीसीएल, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, यूयूएसडीए और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को तेज गति से पूरा करे।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में हल्द्वानी नगर क्षेत्र में पेयजल लाइन और सीवरेज का कार्य चल रहा है, ऐसे में बार-बार सड़कों को खोदने से बचने के लिए गैस पाइपलाइन का कार्य भी इन्हीं कार्यों के साथ किया जाए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय बनाते हुए सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां पाइपलाइन बिछाई जानी है या सड़क पर मैनहोल आदि का कार्य होना है, वहां पूर्ण सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए। आबादी क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को पूर्व में जानकारी देकर उनकी सुविधा के अनुसार कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे निर्धारित समय पर पूरा किया जाना आवश्यक है।
बैठक में बताया गया कि जिले में एचपीसीएल द्वारा प्रस्तावित 25 सीएनजी स्टेशनों में से 12 स्टेशनों की स्थापना हो चुकी है। शेष स्टेशनों के संचालन को लेकर भी चर्चा की गई और इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
एचपीसीएल अधिकारियों ने जानकारी दी कि रुद्रपुर से हल्द्वानी तक 40 किलोमीटर स्टील पाइपलाइन बिछाई जानी है, जिसमें से 36 किलोमीटर का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 4 किलोमीटर पाइपलाइन हल्द्वानी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बिछाई जानी है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त हल्द्वानी, कालाढुंगी और रामनगर क्षेत्रों में 32 किलोमीटर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
परियोजना के अंतर्गत जनपद में 85,000 उपभोक्ताओं को गैस पाइपलाइन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि आगामी जून 2026 तक रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर स्टेशन तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी, इसके बाद आगे का कार्य भी तेजी से किया जाएगा।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एचपीसीएल के प्रबंधक हिमांशु जंतवाल, सहायक प्रबंधक दीपक पपोला सहित जल संस्थान, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


