हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चन्द्र दुम्का ने गुरुवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर अभियान की प्रगति, नोटिस फेज में चल रही सुनवाई और मतदाता सत्यापन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा करते हुए राजनीतिक दलों से फीडबैक लिया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर अभियान की प्रगति और नोटिसों की सुनवाई की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अभियान से जुड़े मुद्दे और आपत्तियां रखीं, जिनका संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया।
प्रकाश चन्द्र दुम्का ने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुगमता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 तक जनपद में जारी 2,35,085 नोटिसों में से 1,99,833 नोटिस (84 प्रतिशत) बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले मामलों में बीएलओ आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर अपने स्तर पर निस्तारण करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, उनके मामलों में ईआरओ और एईआरओ स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नोटिस जारी होने से किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें एसआईआर के तहत कोई नोटिस प्राप्त होता है तो वे घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
बैठक में कांग्रेस के मनोज शर्मा और हरीश चन्द्र, भाजपा के विनीत अग्रवाल, मनीष पाल एवं राजेन्द्र सिंह बिष्ट, बहुजन समाज पार्टी के हरीश चन्द्र सिनोली और जगदीश कुमार टम्टा के अलावा अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सुधीर कुमार, नवाजिश खालिक तथा विभिन्न एईआरओ मौजूद रहे।


