उत्तराखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसी बीच प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 13 नवंबर से पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून सहित सात जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। खासकर उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से पहाड़ी इलाकों में तापमान गिर सकता है। इसका असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है और सुबह-शाम ठंड में इजाफा हो सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 15 नवंबर तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है। इसके बाद 16 और 17 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन दिनों आसमान साफ रहने के साथ बारिश से राहत मिल सकती है, हालांकि ठंड का असर जारी रहेगा।
उधर, संभावित बर्फबारी, शीतलहर और शीतकालीन परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। साथ ही शीतकालीन तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



