उत्तराखंड में लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने का असर अब मौसम पर साफ नजर आने लगा है। प्रदेशभर में सूखी ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। पहाड़ी इलाकों में शीतलहर और पाले का प्रकोप जारी है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 9 जनवरी को देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार सहित नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सूखी ठंड से फिलहाल निजात मिलने के आसार कम हैं। आगे के दिनों की बात करें तो 14 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना जताई गई है।


