नैनीताल जिले के विकासखण्ड धारी, ओखलकाण्डा एवं रामगढ़ क्षेत्रों में विगत दिनों से मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में वृद्धि तथा आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उक्त क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों तक पहुंचने हेतु बच्चों को सुनसान मार्गों, पगडंडियों एवं वन क्षेत्रों से होकर आवागमन करना पड़ता है, जिससे आंगनवाड़ी जाने वाले छोटे बच्चों एवं विद्यालयी छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
बच्चों की जान–माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह आवश्यक समझा गया है कि अस्थायी रूप से शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित किया जाए।
अतः आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा जिला मजिस्ट्रेट को प्रदत्त अधिकारों के अंतर्गत विकासखण्ड धारी, ओखलकाण्डा एवं रामगढ़ में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में दिनांक **19.01.2026 से 21.01.2026** तक (03 दिवस) अवकाश घोषित किया जाता है।
यह आदेश छात्रों, आंगनवाड़ी बच्चों तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगा। संबंधित कार्यालयाध्यक्ष यह सुनिश्चित करेंगे कि इस अवधि में बच्चों को किसी भी प्रकार से विद्यालय अथवा आंगनवाड़ी केन्द्रों में न बुलाया जाए। साथ ही वन विभाग, पुलिस विभाग एवं आपदा प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति की सतत समीक्षा की जाएगी। स्थिति सामान्य होने पर आगामी आदेश पृथक से निर्गत किया जाएगा।


