नैनीताल जनपद की वर्ष 2026-27 की जिला योजना को शनिवार को प्रसार प्रशिक्षण केंद्र बागजाला में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री खजान दास ने की। इस दौरान कुल ₹70 करोड़ 18 लाख 90 हजार की योजना को मंजूरी दी गई।
बैठक में 37 विभागों के लिए बजट आवंटित किया गया, जिसमें लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक 10 करोड़ रुपये तथा कृषि विभाग को 2.40 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि योजना में जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव, चल रहे विकास कार्यों और रोजगारपरक योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने विभागवार प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
प्रभारी मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत व्यय समय पर सुनिश्चित किया जाए और विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल को प्राथमिकता देने के साथ ही आगामी पर्यटन सीजन और कैंचीधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भाग लिया और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।


