उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
विभाग ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। खासतौर पर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। वहीं, 12 फरवरी से मौसम के साफ होने की संभावना है। इसके बाद मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का अहसास बढ़ सकता है।


