उत्तराखंड से मानसून की विदाई के साथ ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। तीन अक्तूबर को मानसून पूरी तरह प्रदेश से विदा हो चुका है। इसके बाद पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम साफ और सुहावना बना हुआ है। हालांकि आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चार अक्तूबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद पांच से नौ अक्तूबर के बीच कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।



