नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने पर्वतीय क्षेत्र की महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति, सेला में संघ की 702वीं दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का उद्घाटन किया। फीता काटकर समिति का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादकों ने भाग लिया। समिति के संचालन के पहले ही दिन 60 लीटर दूध का संग्रहण किया गया।
इस अवसर पर मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध सहकारिता आंदोलन ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती का आधार बन चुका है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता बनाए रखने और सहकारी समितियों को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के निर्देशानुसार नैनीताल दुग्ध संघ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 तक प्रतिदिन 1.55 लाख लीटर दूध संग्रहण का लक्ष्य रखा है। इसे नई दुग्ध समितियों के गठन, अधिक से अधिक उत्पादकों को सहकारिता से जोड़ने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के माध्यम से हासिल किया जाएगा।
मुकेश बोरा ने बताया कि वर्तमान में संघ से करीब 40 हजार दुग्ध उत्पादक जुड़े हैं, जिनमें लगभग 75 प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से दुग्ध सहकारिता आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है। वर्तमान में जिले में 702 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां संचालित हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रताप सिंह सहित दुग्ध संघ के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


