उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही अक्सर बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। इसी बीच रविवार को टिहरी गढ़वाल में एक बड़ा हादसा टल गया, जब चारधाम यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
यह घटना ऋषिकेश–श्रीनगर नेशनल हाईवे पर उस समय हुई जब बस संख्या UK04 PA 0418 ऋषिकेश की ओर जा रही थी। जैसे ही बस तोताघाटी के पास पहुंची, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि बस गहरी खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के वक्त बस में कुल 39 चारधाम यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
एसडीआरएफ के अनुसार, घटना की जानकारी डीसीआर टिहरी के माध्यम से सुबह करीब 8:30 बजे मिली। इसके बाद निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
इस हादसे में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।


