उत्तराखंड में प्रेम प्रसंग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आपसी कहासुनी के बाद प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यह घटना राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में शनिवार को सामने आई है। पुलिस के अनुसार क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के ओगल भट्टा इलाके में कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक युवक और युवती के बीच हुए विवाद में दोनों ने एक-दूसरे को चाकू से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पहले से ही एम्बुलेंस मौजूद थी।
जांच में सामने आया कि दोनों एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध था। हाल ही में युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क में आने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। गुस्से में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए दून हॉस्पिटल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


