उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ-साथ शिक्षा विशेषज्ञों को भी चौंका दिया है। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद छात्रों के बीच गंभीर रंजिश में बदल गया। वनभूलपुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान छठवीं कक्षा के एक छात्र ने दूसरे छात्र पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना में आठवीं कक्षा के छात्र के सिर पर चाकू लगने से गंभीर चोट आई, जबकि उसके दाएं हाथ की दो अंगुलियां भी कट गईं। हमले में चाकू चलाने वाले छात्र के हाथ में भी चोट आई है। दोनों घायल छात्रों को तत्काल बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल छात्र के सिर पर 12 टांके और हाथ में चार टांके लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गौलापार निवासी छठवीं कक्षा के छात्र का स्कूल के ही कुछ अन्य छात्रों से बीते एक-दो दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के बाहर दोनों गुटों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान वनभूलपुरा निवासी आठवीं कक्षा का छात्र बीच-बचाव में उतरा, तभी छठवीं के छात्र ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वनभूलपुरा थाना प्रभारी डी.एस. फर्त्याल ने बताया कि दोनों छात्रों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य दीपक रावत ने बताया कि यह घटना स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के बाहर हुई। दोनों छात्रों के अभिभावकों को मामले की जानकारी दे दी गई है और उन्हें स्कूल बुलाया गया है। छात्र के पास से धारदार हथियार भी बरामद हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


